52 वर्षीय देवकी बाई साहू की मौके पर मौत, ग्रामीणों ने चालक की लापरवाही और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ग्रेडर मशीन की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने चालक की लापरवाही और घटिया सड़क निर्माण को बताया कारण
धमतरी/कुरूद, 19 जून। जिले के कुरूद विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिवनी कला में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सड़क निर्माण कार्य में लगी ग्रेडर मशीन के चक्के के नीचे दबने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में निर्माण एजेंसी और मशीन चालक के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिवनी कला निवासी देवकी बाई साहू (52 वर्ष) शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अपने घर के आसपास कार्य कर रही थीं। इसी दौरान गांव में सड़क निर्माण कार्य में लगी ग्रेडर मशीन का चालक वाहन को पीछे की ओर ले जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती और तेज रफ्तार में मशीन पीछे कर दी, जिससे महिला उसकी चपेट में आ गई। भारी मशीन के चक्के के नीचे दबने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में महिला को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरूद ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य कर रही शिरोमणि माथुर कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। ग्रामीणों ने चालक की लापरवाही के साथ-साथ निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए घटना के लिए ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों की सूचना पर मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
