आठवीं बोर्ड परीक्षा में 97.17% अंक हासिल कर बढ़ाया विद्यालय और गांव का गौरव
कुरूद (धमतरी)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने तथा नवप्रवेशी बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से विकासखंड कुरूद के ग्राम चटौद में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव (सत्र 2026-27) का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विकासखंड की विभिन्न शालाओं के उन मेधावी विद्यार्थियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों से विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इसी कड़ी में प्रेरणा आदर्श विद्या मंदिर, मौरीकला की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी वीणा यादव, पिता श्री लक्ष्मीनारायण यादव, को कक्षा आठवीं की प्रावीण्य सूची में 97.17 प्रतिशत अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर मंच पर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा और उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना की।
वीणा यादव की इस सफलता को प्रेरणा आदर्श विद्या मंदिर ही नहीं, बल्कि ग्राम कठौली मौरीकला और पूरे विकासखंड के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। विद्यालय परिवार ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रहकर कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर प्राप्त यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि आज की बेटियां शिक्षा के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने में सहयोग देने का आग्रह किया। समारोह में मान. श्री गौकरण साहू (उपाध्यक्ष, जिला पंचायत धमतरी), श्रीमती ज्योति भानु चंद्राकर (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद कुरूद), श्रीमती गितेश्वरी साहू (अध्यक्ष, जनपद पंचायत कुरूद), श्री सतीश जैन (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत कुरूद), श्रीमती ज्योति हर्ष जैन (अध्यक्ष, नगर पंचायत भखारा), श्री खेमराज साहू (सरपंच, ग्राम पंचायत चटौद), श्री मोनेश साहू (उपसरपंच, ग्राम पंचायत चटौद), श्री लूमनंद (अध्यक्ष, एसएमसी पीसी चटौद), श्री शिव कुमार साहू (अध्यक्ष, एसएमसी एनपीसी चटौद) तथा श्री नोमेंद्र कुमार साहू (अध्यक्ष, एसएमसी एमसी/हायर सेकेंडरी चटौद) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, संकुल प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रेरणा आदर्श विद्या मंदिर, मौरीकला के प्राचार्य श्री कृष्ण कुमार निषाद, श्रीमती कुंती साहू, श्री डी. निषाद, श्री बी.आर. सोनकर, श्री फलेंद्र साहू, श्री मानसिंग साहू, श्री नरेंद्र साहू, श्रीमती कृति साहू सहित समस्त शाला परिवार ने कुमारी वीणा यादव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम से विद्यालय, ग्राम तथा जिले का नाम प्रदेश और देश स्तर पर रोशन करेंगी। विद्यालय परिवार ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। वीणा यादव जैसी प्रतिभाएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई मिसाल कायम करेंगी।
