ad inner footer

28 से 30 जून तक चलेगा राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान, जिले के 1.10 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवन रक्षक 'दो बूंद'

756 बूथों पर होगी व्यवस्था, 1,915 कर्मियों और 29 विशेष टीमों की तैनाती

धमतरी, 27 जून 2026। जिले में 28 से 30 जून 2026 तक राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर उसे इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी पात्र बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जे.पी. दीवान ने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1 लाख 10 हजार 443 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले भर में 756 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां 28 जून को बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। ये बूथ आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में संचालित होंगे।

अभियान को सफल बनाने के लिए 1,915 स्वास्थ्य एवं मैदानी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं बस स्टैंड, रेलवे प्लेटफॉर्म, ईंट-भट्टों, कोयला भट्टों, निर्माण स्थलों, घुमंतू परिवारों और अन्य उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक पहुंचने के लिए 29 विशेष ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में कुल 68 सदस्य शामिल हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के पहले दिन 28 जून को सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों की पहचान करेंगी, जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। टीम द्वारा उन्हें पोलियो की खुराक पिलाने के साथ ही घरों का चिन्हांकन भी किया जाएगा।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था। इसके बावजूद पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो वायरस की मौजूदगी के कारण संक्रमण का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। लोगों की आवाजाही को देखते हुए सतर्कता बनाए रखने और पोलियो मुक्त भारत की स्थिति को कायम रखने के लिए समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है।


स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष तक के अपने बच्चों को 28 जून को निकटतम पोलियो बूथ में अवश्य ले जाएं और "दो बूंद जिंदगी की" पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें। यदि किसी कारण से बच्चा पहले दिन छूट जाए, तो 29 और 30 जून को घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को अवश्य सहयोग करें।

स्वास्थ्य विभाग का संदेश है— "दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार।" अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर है और प्रत्येक अभिभावक का सहयोग ही पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत बनाएगा।

👉 Follow this link to join my WhatsApp group:

https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ?s=sh&p=a&mlu=1

Previous Post Next Post

Recent in Technology