ad inner footer

क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा पीडब्ल्यूडी? चर्रा–मोंगरा मार्ग पर हर दिन दांव पर लग रही लोगों की जान

बरसात में जानलेवा बनी चर्रा–मोंगरा सड़क, कई बार आवेदन के बाद भी नहीं हुई मरम्मत; ग्रामीणों में भारी नाराजगी

धमतरी/चर्रा। चर्रा से मोंगरा को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली के कारण लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। पहले से ही संकरी इस सड़क पर बरसात के मौसम में जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और जलभराव आवागमन को बेहद खतरनाक बना रहे हैं। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक और स्कूटी सवार दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं।


ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। ऐसे में दोपहिया वाहन चालक अचानक संतुलन खो बैठते हैं और हादसों का शिकार हो जाते हैं। कई लोग घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ मामलों में जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।

सड़क पर बने बड़े गड्ढों और जलभराव के कारण चारपहिया वाहनों के चेसिस भी सड़क से टकरा रहे हैं। इससे सड़क का डामर और गिट्टियां लगातार उखड़ रही हैं, जिससे मार्ग की स्थिति और अधिक जर्जर होती जा रही है। बरसात के दिनों में इस मार्ग पर सफर करना किसी जोखिम से कम नहीं है।


ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि शिवदयाल साहू ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने कई बार लोक निर्माण विभाग को लिखित आवेदन देकर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क का सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग शिकायतों के बावजूद गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हो। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी से तत्काल सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Previous Post Next Post

Recent in Technology