धमतरी के मगरलोड में हृदयविदारक घटना: तालाब में डूबने से 8 और 6 वर्षीय बच्चियों की दर्दनाक मौत
धमतरी/मगरलोड। धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कपालफोड़ी में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। तालाब में डूबने से एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मोहर्रम की छुट्टी होने के कारण 8 वर्षीय गीतिका और 6 वर्षीय खुशबू गांव के तालाब में नहाने गई थीं। काफी देर तक दोनों बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तालाब किनारे दोनों के कपड़े और एक बाल्टी मिली, जिसके बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई।
ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल तालाब में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असामयिक मौत से पूरे कपालफोड़ी गांव में शोक की लहर है। गांव में हर आंख नम है और परिजनों का दुख देख लोगों का दिल दहल उठा। मोहर्रम की छुट्टी पर हुई यह दर्दनाक घटना पूरे क्षेत्र के लिए गहरे सदमे का कारण बन गई।

