गुजरात के एकता नगर में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर मिला विशेष अवसर, भाजपा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रसारित हुआ संवाद का वीडियो
कुरूद/भोथली। छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाले कुरूद विकासखंड के ग्राम भोथली निवासी लोक कलाकार एवं साउथ फिल्मों के कॉमेडियन कुलभूषण चंद्राकर के लिए छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस का अवसर जीवन की यादगार उपलब्धि बन गया। गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में केंद्र सरकार द्वारा आयोजित भारत पर्व के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आमने-सामने सीधी बातचीत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। देश के 28 राज्यों से पहुंचे लगभग 10 हजार लोक कलाकारों के बीच कुलभूषण चंद्राकर और उनकी पत्नी हेम नंदनी चंद्राकर को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर अपनी बात रखने का विशेष अवसर मिला। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई उनकी बातचीत का वीडियो भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी प्रसारित किया गया।
https://www.youtube.com/live/M6RQ5oIvR6c?si=mpSGDU4t4RmCbrTK
कुलभूषण चंद्राकर ने इस उपलब्धि को अपने कलात्मक जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और यादगार उपहार बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करने का अवसर मिलना उनके और उनकी पत्नी के लिए गर्व का विषय है। संभवतः वे छत्तीसगढ़ के ऐसे पहले कलाकार दंपती हैं, जिन्हें इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला।
उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु तेजराम साहू (तेलीबांधा, रायपुर) को देते हुए उनके प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही अपने लोक मंच के साथियों और शुभचिंतकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया। कुलभूषण चंद्राकर ने कहा कि कलाकार कभी छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर कलाकार दुनिया का आईना होता है। कला और कलाकारों का सम्मान ही हमारी संस्कृति की असली पहचान है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा— "जय छत्तीसगढ़, जय जोहार और जय कलाकार।"
