ad inner footer

महासमुंद में कल सजेगा राज्योत्सव का मंच, मिनी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय आयोजन

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर शाम 4 बजे से शुरू होगा समारोह, कलेक्टर लंगेह ने लिया तैयारियों का जायजा

महासमुंद 01 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महासमुंद जिला मुख्यालय में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय परिसर स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस समारोह की शुरुआत शाम 4 बजे से होगी। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है, जो महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भागीदारी को केंद्र में रखती है।

राज्योत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रविवार शाम कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिला अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के लिए की गई बैठक व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

राज्योत्सव के मद्देनजर जिले के शासकीय भवनों को 1 से 3 नवंबर तक आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। स्थापना दिवस के इस आयोजन के माध्यम से जिले में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, महिला सशक्तीकरण और युवा शक्ति की भूमिका को रेखांकित किया जाएगा। जिला स्तर पर समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

और नया पुराने

Recent in Technology