32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला स्तरीय आयोजन संपन्न, विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं नवाचार के प्रति दिखाई रुचि
धमतरी। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 का जिला स्तरीय आयोजन सोमवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बठेना में संपन्न हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य विषयवस्तु ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ रही।
जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा एवं जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा भारत सरकार की राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद का समर्थन प्राप्त था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, स्थानीय समस्याओं को समझने तथा विज्ञान और नवाचार के माध्यम से उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने के लिए प्रेरित किया गया। जिला समन्वयक योगेश कुमार यदु ने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक नजरिए से समझने और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से समाधान खोजने का अवसर प्रदान करती है। इससे बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक क्षमता और अनुसंधान की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा, कीर्ति कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी, देवानंदन गौतम, सेवानिवृत्त प्राचार्य नागेन्द्र पाण्डेय, प्राचार्य रवि कुमार साहू, प्राचार्य पंकज रावटे सहित व्याख्याता होमन लाल साहू, धनंजय सोनकर, परविंदर कौर गिल, मंजूषा साहू, अजीत छत्तानी, नागेश्वर साहू, मार्गदर्शक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
