ad inner footer

भखारा में शिक्षा, कौशल विकास और जनसुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

तालाब सौंदर्यीकरण, स्किल सेंटर विस्तार और छात्रावास सुविधाओं के उन्नयन से क्षेत्र के समग्र विकास को मिलेगा नया आयाम

धमतरी, 11 जून 2026/ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, कौशल विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कुरूद विकासखंड के भखारा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास एवं शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने मिनी एजुकेशन सेंटर, लाइवलीहुड कॉलेज, स्किल सेंटर तथा छात्रावास परिसर का अवलोकन कर वहां संचालित गतिविधियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी बनाने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और बेहतर जनसुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि भखारा क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि और वर्तमान बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है, जिससे उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

कलेक्टर ने लाइवलीहुड कॉलेज एवं स्किल सेंटर में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए कहा कि कौशल विकास कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनें। उन्होंने अधिकारियों को उद्योगों और रोजगार उपलब्ध कराने वाली संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर का भी निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध होने से उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होती है।

दौरे के दौरान नगर पंचायत भखारा स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण एवं विकास की प्रस्तावित योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि तालाब का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे नागरिकों के लिए एक आकर्षक, उपयोगी एवं बहुउद्देशीय सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत तालाब परिसर में चौपाटी, ओपन जिम, पाथ-वे, बैठने की व्यवस्था, हरित क्षेत्र तथा अन्य जनसुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण भी प्राप्त होगा।

कलेक्टर ने कहा कि इस प्रकार के सार्वजनिक स्थलों का विकास स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ छोटे व्यवसायों एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित करेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा स्थानीय नागरिकों की आय में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचे और निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों, यह सुनिश्चित किया जाए।

भखारा क्षेत्र में प्रस्तावित ये विकास कार्य शिक्षा, कौशल संवर्धन, रोजगार सृजन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Previous Post Next Post

Recent in Technology