ad inner footer

ग्राम मौरीकला में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

बारिश बनी आस्था की साक्षी, मौरीकला में श्रद्धा और उल्लास से निकली जगन्नाथ रथयात्रा

कुरूद (धमतरी), 16 जुलाई 2026। प्रत्येक वर्ष की भांति ग्राम मौरीकला में भगवान श्री जगन्नाथ जी की पावन रथयात्रा इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित इस भव्य रथयात्रा में गांव के छोटे-छोटे बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को डिगा नहीं सकी।



रथयात्रा का शुभारंभ गुफा प्रांगण में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के साथ हुआ। पूजन उपरांत भगवान को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान कर गांव भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

रथयात्रा गुफा प्रांगण से प्रारंभ होकर गांव की विभिन्न गलियों एवं मोहल्लों से होते हुए ठाकुर दिया नीम चौरा तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के जयघोष करते हुए रथ को खींचते चले। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने रथ का स्वागत कर पुष्पवर्षा की तथा भगवान की आरती उतारकर मंगलकामना की। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रथ को रोककर श्रद्धालुओं के बीच पारंपरिक गजा-मूंग का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा वातावरण भगवान जगन्नाथ के जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय उल्लास से सराबोर रहा।


धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान पूर्णिमा के पश्चात भगवान श्री जगन्नाथ कुछ दिनों तक अनसर काल में विश्राम करते हैं। स्वस्थ होने के उपरांत वे गर्भगृह से बाहर आकर रथ पर विराजमान होते हैं और अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। इसी पावन परंपरा का निर्वहन करते हुए ग्राम मौरीकला में भी विधि-विधानपूर्वक भगवान की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में बच्चों का उत्साह, युवाओं की सक्रिय सहभागिता, महिलाओं की श्रद्धा और बुजुर्गों का आशीर्वाद पूरे आयोजन को विशेष बना रहा। बारिश के बीच भी श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति-भाव से भगवान के जयकारे लगाते हुए चलते रहे। ग्रामीणों ने इस आयोजन को गांव की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बताया। 


पूरे आयोजन का समापन आरती, प्रसाद वितरण एवं भगवान श्री जगन्नाथ से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, अच्छी वर्षा, खुशहाली और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ संपन्न हुआ।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

Previous Post Next Post

Recent in Technology