ad inner footer

11 जून से पॉलिटेक्निक प्रवेश काउंसलिंग शुरू, धमतरी और कुरूद में विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश

धमतरी और कुरूद पॉलिटेक्निक में प्रवेश का अवसर, 11 जून से ऑनलाइन काउंसलिंग

धमतरी, 10 जून 2026। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पॉलिटेक्निक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 11 जून से प्रारंभ की जा रही है। इसके तहत भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी एवं शासकीय पॉलिटेक्निक कुरूद में विभिन्न इंजीनियरिंग एवं तकनीकी शाखाओं में प्रवेश का अवसर मिलेगा।


संस्थान के प्राचार्य अमित मिश्रा ने बताया कि वर्ष 1962 से संचालित भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक धमतरी तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाता है। पिछले शैक्षणिक सत्र में लगभग 70 विद्यार्थियों को विभिन्न प्लेसमेंट कैम्पों के माध्यम से रोजगार प्राप्त हुआ। संस्थान का अधिकतम वार्षिक पैकेज 5 लाख रुपये तथा औसत वार्षिक पैकेज 3.03 लाख रुपये रहा।

संस्थान में विद्यार्थियों के लिए 200 बिस्तरों वाला बालक छात्रावास, 150 बिस्तरों वाला कन्या छात्रावास, बैडमिंटन कोर्ट, जिम और कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। धमतरी पॉलिटेक्निक में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रथम वर्ष के लिए कुल 250 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं लेटरल एंट्री के माध्यम से द्वितीय वर्ष में भी प्रवेश दिया जाएगा।

शासकीय पॉलिटेक्निक कुरूद में सीमेंट टेक्नोलॉजी, बायोमेडिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, माइनिंग एंड माइन सर्वेइंग तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए पंजीयन 11 से 15 जून 2026 तक, द्वितीय चरण की काउंसलिंग 26 से 30 जून 2026 तक तथा संस्थान स्तरीय काउंसलिंग 11 से 16 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी।

प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना और प्री-पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) में सम्मिलित होना आवश्यक है। वहीं लेटरल एंट्री के लिए गणित विषय सहित 12वीं उत्तीर्ण अथवा संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। बायोमेडिकल एंड इंस्ट्रूमेंटेशन शाखा के लिए जीवविज्ञान विषय से 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।

प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए संस्थान में निःशुल्क सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पंजीयन एवं प्रवेश संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि में पंजीयन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
Previous Post Next Post

Recent in Technology