इजराइल में रोजगार का सुनहरा अवसर: होम-केयरगिवर के 3,500 पदों पर भर्ती, मिलेगा लगभग 2 लाख रुपये मासिक वेतन
धमतरी, 10 जून 2026। युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) एवं भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के अंतर्गत इजराइल में होम-बेस्ड केयरगिवर (Home Caregiver) के 3,500 पदों पर भर्ती की जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के माध्यम से पात्र युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उप संचालक, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी श्रीमती पुष्पा चौधरी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। प्रारंभिक अनुबंध दो वर्ष का होगा, जिसे आवश्यकता एवं प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम दसवीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अंग्रेजी विषय का ज्ञान इंटरमीडिएट स्तर तक होना चाहिए। अभ्यर्थी के पास कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना अनिवार्य है तथा वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी की लंबाई 1.5 मीटर से अधिक तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। पूर्व में इजराइल में कार्य कर चुके अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
वांछनीय योग्यता के तहत भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) सहित केयरगिविंग प्रमाण-पत्र अनिवार्य है। साथ ही जनरल ड्यूटी असिस्टेंट अथवा मिडवाइफ का प्रमाण-पत्र भी आवश्यक होगा।
चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल में नियोजक द्वारा आवास, भोजन, चिकित्सा बीमा, राष्ट्रीय एवं वार्षिक अवकाश जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सप्ताह में छह दिन कार्य करना होगा। सभी सुविधाओं की कटौती के बाद भी अभ्यर्थियों को लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा।
भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेज एवं पात्रता परीक्षण, स्वास्थ्य जांच, पुलिस सत्यापन, मार्गदर्शन सत्र तथा इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार शामिल होगा। अंतिम चयन के बाद अभ्यर्थियों को विदेश में रोजगार का अवसर मिलेगा।
रोजगार विभाग ने बताया कि यह अवसर युवाओं को बेहतर आय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कार्य अनुभव और कौशल विकास का लाभ भी प्रदान करेगा। इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं तथा अधिक जानकारी के लिए अपने निकटतम रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
विभाग ने युवाओं से अपील की है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। अभ्यर्थी किसी भी दलाल, एजेंट या अवैध माध्यम के झांसे में न आएं तथा केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही आवेदन करें।
