ad inner footer

महानदी में अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जप्त

करेलीबड़ी क्षेत्र में सघन जांच अभियान, अवैध खनन-परिवहन पर लगातार कार्रवाई

धमतरी, 10 जून 2026। महानदी में अवैध रेत खनन की शिकायत मिलने पर खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम करेलीबड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए 4 ट्रैक्टर वाहनों को जप्त किया गया।


खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जप्त वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। संबंधित वाहन मालिकों पर अर्थदण्ड अधिरोपित कर उसकी वसूली की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि करेलीबड़ी एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। इससे पूर्व भी इसी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के 3 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 32 हजार 430 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराया गया था।

खनिज विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में 28 मई 2026 तक जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के कुल 108 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। इन मामलों में 29 लाख 51 हजार 560 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराया गया तथा प्रकरणों का नियमानुसार प्रशमन किया गया।


विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए विभागीय उड़नदस्ता दल द्वारा नियमित निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

खनिज विभाग ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

Previous Post Next Post

Recent in Technology