सुशासन से उठ रहा विश्वास या टूट रहा भरोसा?
वार्ड क्रमांक 23 में जर्जर सड़क बनी हादसों का कारण, शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ निराकरण
महासमुंद। शासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से चलाए गए सुशासन तिहार में लोगों से यह वादा किया गया था कि उनकी हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। लेकिन महासमुंद नगर के वार्ड क्रमांक 23 के रहवासियों का कहना है कि उनकी एक गंभीर समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है।
वार्ड में स्थित एक सड़क का हिस्सा धंसकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क के बीचों-बीच बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और नाली के ऊपर बना हिस्सा टूटने की स्थिति में है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार इस समस्या को लेकर सुशासन तिहार के दौरान आवेदन भी दिया गया था तथा जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
रहवासियों का कहना है कि सड़क की वर्तमान स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को यहां से गुजरते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। बरसात शुरू होने से पहले यदि मरम्मत नहीं हुई तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। बारिश के दौरान सड़क और नाली का अंतर समझ पाना मुश्किल होगा, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाएगी।वार्डवासी अब भी इस उम्मीद में हैं कि प्रशासन उनकी समस्या पर संज्ञान लेगा और जल्द ही सड़क की मरम्मत कराएगा।
नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि संभावित दुर्घटना को देखते हुए इस सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

