ad inner footer

गौ संरक्षण, नशामुक्ति एवं पशु बलि प्रथा पर रोक लगाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

कलेक्टर जनदर्शन में राजमानस संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रखा सामाजिक एवं सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़ा प्रस्ताव

धमतरी, 09 जून 2026/ कलेक्टर जनदर्शन में आज राजमानस संघ, धमतरी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में गौ संरक्षण को सुदृढ़ बनाने, पूर्ण नशामुक्ति लागू करने तथा पशु बलि प्रथा पर रोक लगाने सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को सौंपा।


प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में गौवंश की सुरक्षा और संवर्धन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में गौ हत्या एवं गौ तस्करी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा गौ संरक्षण संबंधी कानूनों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने का आग्रह किया गया। साथ ही ग्राम पंचायतों की गौचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर वहां गौ अभ्यारण्य विकसित किए जाने तथा प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौशालाओं की स्थापना करने का सुझाव दिया गया।

ज्ञापन में समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने अवैध महुआ शराब, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और सेवन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की आवश्यकता बताई। साथ ही नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। उनका कहना था कि नशामुक्त समाज के निर्माण से सामाजिक अपराधों में कमी आएगी तथा युवा वर्ग सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकेगा।

राजमानस संघ द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में धार्मिक स्थलों एवं मेलों में प्रचलित पशु बलि प्रथा पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि पशु बलि के स्थान पर नारियल, चुनरी, फल, पुष्प एवं श्रृंगार सामग्री अर्पित करने जैसी वैकल्पिक पूजा पद्धतियों को प्रोत्साहित किया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि इससे धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और अहिंसा के सिद्धांतों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकेगा तथा जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता का भाव भी मजबूत होगा।

इस अवसर पर राजमानस संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित पुस्तक “रघुपति संदेश भाग-2” भी भेंट की। उन्होंने बताया कि पुस्तक में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता तथा आध्यात्मिक चिंतन से जुड़े विषयों का समावेश किया गया है।


कार्यक्रम में राजमानस संघ के अध्यक्ष श्री अर्जुनपुरी गोस्वामी, श्रीमती खिलेश्वरी किरण साहू, श्रीमती श्यामा साहू सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और कहा कि प्राप्त ज्ञापन को नियमानुसार संबंधित स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों की सहभागिता एवं जनहित से जुड़े विषयों पर जागरूकता को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

Previous Post Next Post

Recent in Technology