‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, जिलेभर में एक साथ रोशन हुए हजारों स्थान
महासमुंद, 17 सितंबर 2026। सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को महासमुंद जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से शहर से लेकर गांव तक सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश दिखाई दिया।
जिला मुख्यालय स्थित अटल परिसर में कार्यक्रम का मुख्य आयोजन हुआ, जहां करीब 8 हजार दीपों से परिसर जगमगा उठा। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद वीर नारायण सिंह और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं और नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं और पहल संचालित की जा रही हैं। सांसद चौधरी ने महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहलों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में प्रज्ज्वलित प्रत्येक दीप सेवा, समर्पण, आशा और संकल्प का प्रतीक है। शासन की योजनाओं के साथ जब समाज की सक्रिय भागीदारी जुड़ती है, तो विकास का संकल्प जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
गांवों में भी दिखा दीपों का उत्साह
शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के चिन्हित शहरी चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और मोहल्लों में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए गए। कई नागरिकों ने अपने घरों और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई। आंकड़ों के अनुसार विकासखंड महासमुंद में करीब 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार और सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में कुल करीब 5 लाख 51 हजार दीपों से सेवा संकल्प की रोशनी बिखरी। नगरीय क्षेत्रों में महासमुंद के रेलवे स्टेशन, अस्पताल, अंबेडकर चौक और दीनदयाल उपाध्याय चौक खैरा में करीब 4 हजार दीप जलाए गए। वहीं बसना, पिथौरा, तुमगांव और सरायपाली सहित अन्य स्थानों पर करीब 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने निभाई सहभागिता
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ अध्यक्ष ऐतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति संदीप दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासकीय कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कार्यक्रम को जिलेवासियों के सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी का प्रतीक बताया। वहीं जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष ऐतराम साहू ने अभियान की 12 पहलों की जानकारी देते हुए सेवा, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, युवाओं, शासकीय कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता से जिलेभर में उत्सव जैसा माहौल रहा। एक साथ प्रज्ज्वलित हुए लाखों दीपों ने सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प का संदेश दिया।

