सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का दिया संदेश, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ आयोजन
धमतरी, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को धमतरी में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने सहभागिता की। उनके नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान विधायक अजय चंद्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की सेवा यात्रा, जनकल्याण के कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेवा केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। जनभागीदारी के माध्यम से सेवा के इस संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने उपस्थित जनसमुदाय को सेवा-संकल्प की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहकारी बैंक (अपेक्स) के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने भी अपने विचार रखे।
प्रधानमंत्री के संबोधन से वर्चुअल माध्यम से जुड़े नागरिक
कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नागरिक दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और सेवा, समर्पण तथा जनभागीदारी से जुड़े आयोजन में सहभागिता की।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, नगर निगम महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, इंदर चंद चोपड़ा, पिंकी शिवराज शाह, प्रकाश बैस सहित जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
मंडी से गांधी मैदान तक निकली सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के बाद कृषि उपज मंडी परिसर से गांधी मैदान तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। गांधी मैदान पहुंचने के बाद यात्रा का समापन हुआ तथा उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम से पहले कृषि उपज मंडी परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थानीय कलाकारों और प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्थानीय कला एवं प्रतिभाओं को मंच भी मिला।
