कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और नए कानूनों के क्रियान्वयन पर हुई बैठक; युवाओं को नशे से दूर रखने और यातायात नियमों का पालन कराने पर जोर
धमतरी, 26 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने और नए आपराधिक कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समन्वय बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा, हेलमेट के उपयोग, दुर्घटना संभावित स्थलों में सुधार, नशा मुक्ति अभियान और जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यालय आने-जाने वाले भी पहनें हेलमेट
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि दोपहिया वाहन से कार्यालय आने-जाने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने विभाग प्रमुखों को कर्मचारियों को समझाइश देने और हेलमेट पहनने की आदत विकसित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा महाविद्यालयों में दोपहिया वाहनों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित कराने को कहा। इसके लिए संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही अनुविभागीय दंडाधिकारियों को अपने कार्यालयों के सामने हेलमेट उपयोग संबंधी सूचना प्रदर्शित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट पर सुधार, शहर में लगेंगे स्पीड कैमरे
बैठक में जिले के दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की समीक्षा करते हुए वहां सुरक्षा के जरूरी उपाय करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने यातायात पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त टीम बनाकर ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण, रात में पर्याप्त रोशनी, गति सीमा के संकेतक, रंबल स्ट्रिप, रोड मार्किंग और कैमरे जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया। जिला परिवहन अधिकारी को शहर के भीतर नियमानुसार स्पीड कैमरे लगाने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा दर्शाने वाले संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए खुले में घूमने वाले पशुओं की समस्या पर भी गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया। पशुओं को खुले में छोड़ने वाले मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, सड़क किनारे अव्यवस्थित ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित कराने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
भखारा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रतिबंध का होगा प्रचार
रायपुर–धमतरी मार्ग के भखारा क्षेत्र से गुजरने वाले भारी वाहनों और ट्रकों के लिए सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित प्रतिबंधित समयावधि का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। संबंधित मार्गों पर प्रतिबंध की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड दोबारा स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस इलाज पर जोर
बैठक में निजी अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के चिकित्सकों के साथ सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को पीएम राहत (PM-RAHAT) योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी दुर्घटना पीड़ित के इलाज में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से योजना के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और सुझावों को लिखित रूप में प्रस्तुत करने को कहा, ताकि उनका निराकरण किया जा सके।
नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती, युवाओं को जागरूक करने पर जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए पुलिस और संबंधित विभागों को तस्करी, अवैध बिक्री तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और नशा मुक्ति के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन, हेलमेट सहित सुरक्षा साधनों का उपयोग और वाहन चलाते समय सावधानी जरूरी है। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सतत निगरानी रखकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की बात कही। साथ ही युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की भी समीक्षा
बैठक में नारको को-ऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) के तहत मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती, नशे की रोकथाम और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, संबंधित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई और अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को कानूनों की जानकारी देने पर चर्चा हुई।
यातायात व्यवस्था में सहयोग करने वाले कैडेट सम्मानित
धमतरी शहर में यातायात पुलिस की मदद करने वाले राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), स्काउट-गाइड और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कैडेटों सहित सहयोगी सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके योगदान को यातायात व्यवस्था में जनभागीदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया गया। बैठक में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, निजी अस्पतालों के चिकित्सक, ऑटो एवं ई-रिक्शा सहित विभिन्न परिवहन संघों के पदाधिकारी, पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
