ad inner footer

ग्राम छाती में समाज कार्यक्रम में शामिल हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी, शिक्षा और संगठन को बताया प्रगति की कुंजी

युवाओं से नवाचार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान

धमतरी, 07 जून 2026। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शनिवार को धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनी प्राथमिकता बनाता है।


श्री चौधरी ने समाज के युवाओं से शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़कर राज्य एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि शिक्षा, सामाजिक एकजुटता और सकारात्मक सोच से सुनिश्चित होती है।


अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने समाज की गौरवशाली परंपराओं, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए आने वाली पीढ़ियों को संस्कारवान, शिक्षित और सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर समाज के विकास और राष्ट्र की उन्नति के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में “राजा रामचंद्र की जय” एवं “छत्रपति शिवाजी महाराज की जय” के उद्घोष किए गए।

Previous Post Next Post

Recent in Technology