ad inner footer

विश्व साइकिल दिवस पर महासमुंद में निकलेगी ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली, नागरिकों से सहभागिता की अपील

फिट इंडिया अभियान के तहत 7 जून को मिनी स्टेडियम से होगा आयोजन, योगा, जुम्बा व आत्मरक्षा गतिविधियां भी होंगी शामिल

महासमुंद, 05 जून 2026। खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद द्वारा संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर के निर्देशानुसार विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में 07 जून (रविवार) को मिनी स्टेडियम महासमुंद में ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत साइकिल रैली, योगा, जुम्बा तथा आत्मरक्षा संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 07 बजे से होगा। साइकिल रैली सुबह 08 बजे मिनी स्टेडियम से प्रारंभ होकर बारोंडा चौक, शास्त्री चौक एवं गांधी चौक से होते हुए पुनः मिनी स्टेडियम में समाप्त होगी।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2019 में शुरू किए गए फिट इंडिया आंदोलन का उद्देश्य नागरिकों के दैनिक जीवन में फिटनेस को अभिन्न हिस्सा बनाना है। इस अभियान को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के विभिन्न एपिसोड में भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया है, जिससे नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ी है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ियों, गणमान्य नागरिकों, मेरा युवा भारत, एनसीसी, भारत स्काउट एवं गाइड, रेडक्रॉस, पत्रकारों, छात्रावासों, साइकिलिंग समूहों, सामाजिक संगठनों तथा महाविद्यालय एवं विद्यालय के विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।

विश्व साइकिल दिवस 2026 कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने एवं पंजीयन के लिए इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल https://fitindia.gov.in/world-bicycle-day पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।


Previous Post Next Post

Recent in Technology