राज्य संपरीक्षा कार्यालय की टीम ने दिया तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण, समयबद्ध रिपोर्टिंग और जवाबदेही पर जोर
धमतरी, 4 अगस्त 2026। पंचायतों में विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध ऑनलाइन प्रतिवेदन तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल विषयक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर के छह सदस्यीय दल ने जिले की जनपद पंचायत धमतरी, नगरी, कुरूद एवं मगरलोड के पंचायत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को मॉड्यूल के तकनीकी एवं व्यावहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।
राज्य संपरीक्षा कार्यालय के सहायक संचालक कदम सिंह सिदार, सतीश चौधरी, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू, ज्येष्ठ संपरीक्षक प्रियंका मरावी तथा सहायक संपरीक्षक फैजान अहमद ने प्रतिभागियों को एटीआर मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन प्रतिवेदन तैयार करने, निर्धारित समय-सीमा में जानकारी दर्ज करने, आवश्यक दस्तावेजों के संधारण, डेटा की शुद्धता बनाए रखने तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एटीआर मॉड्यूल के प्रभावी संचालन से पंचायत स्तर पर संपरीक्षा संबंधी आपत्तियों के निराकरण की स्थिति का समयबद्ध डिजिटल अभिलेखीकरण संभव होगा। इससे कार्यों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, प्रगति की सतत समीक्षा तथा योजनाओं और वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और मजबूती मिलेगी। साथ ही उच्च स्तर पर निर्णय लेने और अनुपालन की प्रक्रिया भी अधिक सरल एवं प्रभावी होगी। प्रतिभागियों को मॉड्यूल का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी कराया गया, जिसमें ऑनलाइन रिपोर्टिंग की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए तकनीकी समस्याओं के निराकरण के उपाय बताए गए तथा मॉड्यूल के नियमित उपयोग पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण के समापन पर सभी पंचायत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, डेटा की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखने तथा डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर पंचायतों में पारदर्शी, उत्तरदायी और परिणाममुखी कार्यसंस्कृति विकसित करने का आह्वान किया गया।
