ad inner footer

राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और ओवरलोडिंग पर कसेगा शिकंजा

धमतरी में Dedicated Highways Surveillance Team गठित, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत एसओपी लागू 

संवेदनशील स्थलों की होगी सतत निगरानी, नियम उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

धमतरी, 4 अगस्त 2026। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाने तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिले में Dedicated Highways Surveillance Team का गठन किया गया है। यह पहल माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। गठित टीम राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करेगी।

कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय टीम में पुलिस अधीक्षक/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा वनमंडलाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर निगम आयुक्त, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला परिवहन अधिकारी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप टीम नियमित कार्रवाई करेगी। इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्गों पर ऐसे संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन किया जाएगा, जहां भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की अनधिकृत पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण अथवा यातायात बाधित होने की स्थिति बार-बार निर्मित होती है। फील्ड निरीक्षण एवं प्राप्त फीडबैक के आधार पर इन स्थलों की सूची समय-समय पर अद्यतन की जाएगी।

जिला टास्क फोर्स एवं हाईवे सर्विलांस टीम के समन्वय से प्रभावी प्रवर्तन तंत्र विकसित किया जाएगा। नियमित निरीक्षण, आकस्मिक जांच और संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में प्रवर्तन के साथ-साथ जनजागरूकता पर भी विशेष जोर रहेगा। समाजसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, परिवहन संगठनों तथा संबंधित विभागों के सहयोग से स्कूलों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, प्रचार-प्रसार अभियान, पंपलेट, सोशल मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों के जरिए आम नागरिकों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाएगा। वाहन चालकों, परिवहन संचालकों एवं आम नागरिकों से राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनधिकृत पार्किंग, ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से बचने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है। इस संयुक्त पहल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा आमजन के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

और नया पुराने

Recent in Technology