ad inner footer

गणेश चतुर्थी से पहले AI से देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक तस्वीरों पर रोक लगाने की मांग, कुलगाम आतंकी हमले के विरोध में बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

AI से धार्मिक आस्था से जुड़ी कथित आपत्तिजनक सामग्री पर रोक लगाने के साथ कुलगाम आतंकी हमले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता और आवास की भी उठी मांग।

धमतरी, 4 अगस्त 2026। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व से पहले छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से हिन्दू देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक एवं विवादित तस्वीरों तथा प्रतिमाओं के निर्माण और सोशल मीडिया पर उनके प्रसार पर रोक लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं होना चाहिए। वहीं जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या के विरोध में भी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम अलग से ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। 

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) तकनीक का तेजी से विस्तार हो रहा है। इसका उपयोग शिक्षा, चिकित्सा, अनुसंधान और विकास जैसे अनेक क्षेत्रों में सकारात्मक रूप से किया जा रहा है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसी तकनीक का दुरुपयोग कर हिन्दू देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें एवं प्रतिमाएं तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री से करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं तथा सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि ऐसी सामग्री के निर्माण, प्रकाशन और प्रसार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए तथा इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में कहा गया कि AI जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में होना चाहिए, न कि किसी धर्म, संस्कृति या आस्था का उपहास उड़ाने अथवा विवाद उत्पन्न करने के लिए। बजरंग दल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

कुलगाम आतंकी हमले पर जताया आक्रोश

इसी दौरान बजरंग दल ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में 31 जुलाई को हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूर भूपेंद्र कुमार और दीपक कुमार की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए अलग ज्ञापन सौंपा। संगठन ने इस घटना को मानवता और राष्ट्र की सुरक्षा पर हमला बताते हुए दोषी आतंकियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई कर उन्हें शीघ्र कड़ी सजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में मृतकों के परिजनों को शीघ्र न्याय दिलाने, केंद्र सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा राज्य सरकार द्वारा नया आवास उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध कठोर और निर्णायक कार्रवाई समय की आवश्यकता है। यदि सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो संगठन भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा।

संबंधित विभाग को भेजा जाएगा ज्ञापन : डिप्टी कलेक्टर

इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम ने बताया कि एआई के माध्यम से हिन्दू देवी-देवताओं की तस्वीरों से जुड़े विषय तथा कुलगाम आतंकी हमले में मजदूरों की मौत के संबंध में ज्ञापन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को प्रेषित किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग मंत्री रणजीत साहू, विभाग संयोजक मिथलेश साहू, जिला उपाध्यक्ष कैलाश केशवानी, जिला मंत्री रितेश मिश्रा, जिला सह संयोजक देवेंद्र साहू, जिला सहमंत्री ओमप्रकाश साहू, जिला गौ सेवक प्रमुख टोकेश साहू, नगर संयोजक मोंटू ध्रुव, प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख उमेश साहू, प्रखंड सहसंयोजक गौतम महिलागे, कृष्णकांत साहू, कुलेश्वर साहू, चेतन साहू, मिथुन साहू, धनेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

और नया पुराने

Recent in Technology