ad inner footer

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व मिनी स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल

छत्तीसगढ़ी और देशभक्ति से सराबोर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, 900 बच्चे करेंगे सामूहिक पीटी प्रदर्शन

महासमुंद, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम तैयारियों के तहत गुरुवार को मिनी स्टेडियम, महासमुंद में स्वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। सुबह 9 बजे आयोजित रिहर्सल में कलेक्टर श्री विनय लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी एवं एनएसएस की कुल 11 टुकड़ियों की परेड की सलामी ली। इस अवसर पर एसडीएम सुश्री अक्षा गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहीं। 

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान स्कूली बच्चों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य प्रस्तुतियों का अभ्यास किया। कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूर्ण गरिमा, उत्साह एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। समारोह में जिले के छह स्कूलों के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीत-संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न शालाओं के करीब 900 बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक पीटी प्रदर्शन होगा। रिहर्सल के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर बैठक व्यवस्था, मंच, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, उप पुलिस अधीक्षक श्री सुनील नायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल होंगे मुख्य अतिथि

जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8:58 बजे होगा और वे सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद सुबह 9:03 बजे परेड का निरीक्षण, गार्ड ऑफ ऑनर एवं मार्च पास्ट होगा। तत्पश्चात सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा। सुबह 10:05 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद सुबह 10:40 बजे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन होगा।

और नया पुराने

Recent in Technology