ad inner footer

कुरूद में बनेगा नया पशु चिकित्सालय भवन, स्टाफ क्वार्टर की भी मिलेगी सुविधा

1.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति, जल्द शुरू होगी निविदा प्रक्रिया

नए भवन से क्षेत्र के पशुपालकों को मिलेंगी बेहतर और सुगम पशु चिकित्सा सुविधाएं

धमतरी, 17 अगस्त 2026। जिले के कुरूद नगर में पशुपालकों को बेहतर एवं सुगम पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कुरूद में नवीन पशु चिकित्सालय भवन के साथ विभागीय स्टाफ के लिए आवासीय क्वार्टर का भी निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से 1.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। अब जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की तैयारी है।

गोठान की भूमि का किया गया चिन्हांकन

नवीन पशु चिकित्सालय भवन एवं स्टाफ क्वार्टर के निर्माण के लिए कुरूद नगरीय क्षेत्र के अंतर्गत गोठान की भूमि का चिन्हांकन किया गया है। प्रस्तावित स्थल पर आवश्यकतानुसार भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। भूमि चिन्हांकन के बाद अब निर्माण से संबंधित आगामी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। नया भवन तैयार होने के बाद पशुपालकों को पशुओं के उपचार, टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न पशु चिकित्सा सेवाएं बेहतर एवं व्यवस्थित वातावरण में उपलब्ध हो सकेंगी। इससे कुरूद सहित आसपास के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के पशुपालकों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

विधायक अजय चंद्राकर ने बताया आवश्यक कदम

कुरूद विधायक श्री अजय चंद्राकर ने कहा कि कुरूद क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पशुपालन से जुड़े हैं। ऐसे में पशुपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक पशु चिकित्सालय भवन का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नवीन भवन बनने से पशु चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ होंगी और इसका सकारात्मक प्रभाव पशुपालकों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।

कलेक्टर ने कहा- शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा निर्माण

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि नवीन पशु चिकित्सालय भवन एवं स्टाफ क्वार्टर के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

जर्जर पुराने भवन के कारण आ रही थी परेशानी

उल्लेखनीय है कि कुरूद का पुराना पशु चिकित्सालय भवन वर्तमान में जर्जर स्थिति में है। इसके अलावा समय के साथ यह भवन नगर के बीच स्थित हो गया है। इसके कारण पशुपालकों के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों को भी कई प्रकार की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में पुराने पशु चिकित्सालय भवन की स्थिति को देखते हुए पशु चिकित्सालय का संचालन अस्थायी रूप से पुराने आईटीआई भवन में किया जा रहा है, जो अंबेडकर भवन के पास स्थित है। ऐसे में नवीन एवं व्यवस्थित भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

उपचार से लेकर टीकाकरण तक बेहतर होगी व्यवस्था

नवीन पशु चिकित्सालय भवन के निर्माण से पशुओं के उपचार, टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने के लिए बेहतर अधोसंरचना विकसित होगी। इससे पशु चिकित्सा विभाग की सेवाओं को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में सुविधा होगी। इसके साथ ही स्टाफ क्वार्टर के निर्माण से पशु चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सकीय स्टाफ एवं मैदानी अमले को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। विभागीय कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा होने से आवश्यकता के समय सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मैदानी कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

पशुपालकों को मिलेगा दीर्घकालिक लाभ

जिले में पशुधन संरक्षण, पशुपालकों की आय में वृद्धि और पशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में कुरूद में नवीन पशु चिकित्सालय भवन एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण पशुपालकों के हित में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नवीन भवन के अस्तित्व में आने के बाद कुरूद क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर अधोसंरचना मिलेगी। इससे पशुओं के समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी तथा पशुपालकों को अपने पशुधन के उपचार के लिए अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित व्यवस्था मिल सकेगी। आगामी समय में यह अधोसंरचना पशुधन संरक्षण के साथ-साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी सहायक साबित हो सकती है।
और नया पुराने

Recent in Technology