ad inner footer

भखारा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित

 

सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

धमतरी, 19 अगस्त 2026। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धमतरी से भखारा होकर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन के लिए समय निर्धारित किया गया है। नई व्यवस्था के तहत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भखारा मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

इस दौरान धमतरी से भखारा होकर रायपुर तथा रायपुर से भखारा होते हुए धमतरी और अन्य स्थानों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को इस मार्ग का उपयोग नहीं करना होगा। ऐसे वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का उपयोग करना होगा। इससे भखारा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होने के साथ स्थानीय नागरिकों और छोटे वाहनों के लिए आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होने की उम्मीद है। बीते दिनों कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई थी। बैठक में भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में अर्जुन मोड़ (भखारा), खपरी उत्तर (बस्ती) और अटल चौक पर निर्धारित यातायात व्यवस्था से संबंधित साइन बोर्ड लगाए गए हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आमजन की सुविधा के साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग और समय-सीमा का पालन करने की अपील की है।

यातायात व्यवस्था को लेकर वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की गई है कि वे सड़क संकेतकों एवं यातायात नियमों का पालन करें। निर्धारित समय में भारी वाहन चालक भखारा मार्ग के स्थान पर राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करें, ताकि मार्ग पर यातायात सुचारु और सुरक्षित बना रहे।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

और नया पुराने

Recent in Technology