ad inner footer

निःशुल्क डायलिसिस सेवा से गंभीर किडनी रोगियों को मिला जीवन का सहारा

जिला अस्पताल धमतरी में 156 मरीजों के 10,451 से अधिक डायलिसिस सत्र पूरे, चार अत्याधुनिक मशीनों से नियमित उपचार की सुविधा

धमतरी, 18 अगस्त 2026। गंभीर किडनी रोग से जूझ रहे मरीजों के लिए नियमित डायलिसिस जीवनरक्षक उपचार है। लंबे समय तक डायलिसिस की आवश्यकता और उपचार पर होने वाला खर्च कई परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत जिला अस्पताल धमतरी में क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD) से पीड़ित मरीजों को पूर्णतः निःशुल्क डायलिसिस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला अस्पताल में संचालित यह सुविधा धमतरी जिले के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा मिलने से मरीजों को उपचार के लिए रायपुर अथवा अन्य बड़े शहरों की बार-बार यात्रा नहीं करनी पड़ती। इससे समय के साथ आवागमन में होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम हुआ है।

156 मरीजों के 10,451 से अधिक डायलिसिस सत्र पूरे

जिला अस्पताल धमतरी में 9 सितंबर 2022 से अब तक 156 क्रोनिक किडनी डिजीज मरीजों के 10,451 से अधिक डायलिसिस सत्र सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। अस्पताल में वर्तमान में चार अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें पूरी तरह क्रियाशील हैं। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार पंजीकृत मरीजों को नियमित डायलिसिस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य स्तर पर यह सेवा एस्काग संजीवनी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से संचालित की जा रही है। योजना के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. संजीव मेश्राम के मार्गदर्शन में प्रदेश के लगभग सभी जिला अस्पतालों में डायलिसिस सुविधा संचालित की जा रही है। जिला अस्पताल धमतरी की यह सुविधा गंभीर किडनी रोगियों के लिए निरंतर उपचार का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई है।

निःशुल्क सेवा से परिवारों पर आर्थिक बोझ कम

डायलिसिस लंबे समय तक नियमित रूप से कराना पड़ता है। ऐसे में उपचार का खर्च आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। शासकीय अस्पताल में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों के परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हुआ है। वहीं स्थानीय स्तर पर उपचार मिलने से बार-बार बड़े शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ती।

आधार कार्ड के माध्यम से पंजीयन

निःशुल्क डायलिसिस सेवा का लाभ लेने के लिए निर्धारित पंजीयन प्रक्रिया के तहत आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य है। चिकित्सकीय आवश्यकता एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र मरीजों को डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जाती है। सेवा, पंजीयन एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए जिला अस्पताल की डायलिसिस इकाई से संपर्क किया जा सकता है।

सहायता एवं संपर्क:

मोबाइल: 75068-18793

टोल-फ्री: 1800-102-2294

जिला अस्पताल धमतरी में संचालित निःशुल्क डायलिसिस सेवा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी उदाहरण है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध इस सुविधा से गंभीर किडनी रोगियों को उपचार की निरंतरता मिल रही है और उनके परिवारों को आर्थिक एवं मानसिक संबल भी प्राप्त हो रहा है।

और नया पुराने

Recent in Technology