राजीव पांडे पुरस्कार के लिए चयनित पैरा खिलाड़ी लक्की यादव को दी बधाई, समावेशी खेल अकादमी की मांग पर दिया आश्वासन
महासमुंद, 23 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री अरुण साव के शनिवार को महासमुंद प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय में खेल एवं खिलाड़ियों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू एवं जिला पैरा खिलाड़ी लक्की यादव से मुलाकात कर श्री साव ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राजीव पांडे पुरस्कार वर्ष 2025-26 राज्य खेल अलंकरण के लिए चयनित पैरा खिलाड़ी लक्की यादव को उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। इस अवसर पर जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू ने दिव्यांग एवं सामान्य खिलाड़ियों के लिए समावेशी खेल अकादमी (आवासीय एवं गैर-आवासीय) संचालित किए जाने के संबंध में मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, पोषण एवं आहार व्यवस्था तथा तकनीकी प्रशिक्षण सहित खेल गतिविधियों के विकास के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मांग को लेकर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
तीरंदाजी खिलाड़ियों से मिले मंत्री, खेल किट का किया वितरण
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री श्री अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, महासमुंद द्वारा संचालित खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके खेल अभ्यास एवं प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल किट वितरित कर आगामी प्रतियोगिताओं एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वर्तमान में 60 खिलाड़ी खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग में नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे हैं। सेंटर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, अन्य जिला अधिकारी, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के प्राचार्य महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक नीलम साहू सहित खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ी उपस्थित रहे।

