उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नए बस स्टैंड के लिए 6.50 करोड़ और नगरीय निकाय कार्यालय भवन के लिए 3.50 करोड़ रुपये की घोषणा
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की पहल पर 10 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण घोषणा, महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य
महासमुंद, 22 अगस्त 2026। उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को महासमुंद प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय के लोहिया चौक में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में जिलेवासियों को 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने महासमुंद विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा की मांग पर आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त नए बस स्टैंड के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये तथा नए नगरीय निकाय कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि महासमुंद प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है और यहां नेतृत्व करने की क्षमता है। आने वाले समय में महासमुंद प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपना नाम रोशन करेगा। उन्होंने जिलेवासियों को विकास कार्यों की सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहर स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनें। उन्होंने बताया कि राज्य के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि घर बैठे मिल रही है।
प्रदेश में 12,666 करोड़ के पुल-पुलिया कार्य स्वीकृत
श्री साव ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों एवं अधोसंरचना के विकास को गति दी जा रही है और महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी मिलकर संकल्प लें—यह शहर हमारा है, यहां का मान-सम्मान हमारा सम्मान है और यहां का गौरव हमारा गौरव है।
विधायक की पहल पर बस स्टैंड और नए कार्यालय भवन की घोषणा
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा की मांग पर महासमुंद में सर्वसुविधायुक्त एवं आधुनिक बस स्टैंड विकसित करने के लिए 6.50 करोड़ रुपये और नए नगरीय निकाय कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये की घोषणा की। विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है। नहर लिंकिंग रोड स्वीकृत हो चुका है और सड़कों के कार्यों के टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है तथा सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है।
विधायक श्री सिन्हा ने महासमुंद शहर के विकास के लिए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर देते हुए नए बस स्टैंड और नए कार्यालय भवन की मांग उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी। नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बढ़ती जनसंख्या और शहर के विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम बनाने की मांग रखी। साथ ही आधुनिक बस स्टैंड और नए नगर पालिका भवन की आवश्यकता भी बताई।
करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम में अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं स्वीकृति दी गई। साहू सदन के पास 25.07 लाख रुपये की लागत से डोम शेड का निर्माण किया जाएगा। वहीं 240.67 लाख रुपये की लागत से सूखे एवं गीले कचरे के प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना तथा स्थापित संयंत्रों के उन्नयन एवं विकास का कार्य होगा। 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत 58.22 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक, सीसी रोड, आरसीसी नाली निर्माण तथा ट्यूबलर पोल प्रदाय एवं स्थापना के कार्य किए जाएंगे। अधोसंरचना मद के अंतर्गत 127.85 लाख रुपये की लागत से 15 विकास कार्य कराए जाएंगे, जिनमें सीसी रोड, पेवर ब्लॉक, आरसीसी नाली और बीटी रोड निर्माण शामिल हैं। महासमुंद क्षेत्र में 1275.62 लाख रुपये की लागत से इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित एसटीपी निर्माण तथा उसके संचालन एवं संधारण का कार्य किया जाएगा। यह कार्य नगरीय स्वच्छता और अपशिष्ट जल प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण होगा। इसी क्रम में 15वें वित्त मद से वार्ड क्रमांक 29 एवं 11 में 440.98 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय जलागार एवं अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा 164.90 लाख रुपये की लागत से महासमुंद के नयापारा-अछरीडीह मार्ग पर 1.20 किलोमीटर सड़क का पुल-पुलिया सहित निर्माण, 466.19 लाख रुपये की लागत से लहंगर से पीढ़ी मार्ग पर 3 किलोमीटर सड़क का पुल-पुलिया सहित निर्माण तथा 360.17 लाख रुपये की लागत से कौंदकेरा से बनसिवनी मार्ग का 3 किलोमीटर लंबाई में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य किया जाएगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिलकांत साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, पार्षदगण, एल्डरमेन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


