शालेय संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में गीतांजलि साहू और रेणुका साहू ने किया शानदार प्रदर्शन
धमतरी/बगदेही 22 अगस्त 2026। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगदेही के विद्यार्थियों ने शालेय संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। आरंग स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में बगदेही विद्यालय की छात्रा गीतांजलि साहू एवं रेणुका साहू ने शानदार खेल कौशल, एकाग्रता और रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान सुनिश्चित किया। वहीं विद्यालय के छात्र अंगेश एवं छात्रा रेशमा ने भी बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन महज एक अंक से राज्य स्तर पर स्थान बनाने से चूक गए।
विद्यालय के व्यायाम शिक्षक सोनजीत निषाद ने कहा कि विद्यार्थियों को खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए विद्यालय द्वारा निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को उचित मंच और नियमित अभ्यास उपलब्ध कराकर उन्हें विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विद्यालय के व्याख्याता एवं राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी नागेश्वर साहू ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन, निर्णय क्षमता, एकाग्रता, धैर्य और समस्या समाधान जैसे संज्ञानात्मक कौशलों के विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में व्यायाम शिक्षक सोनजीत निषाद के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे विभिन्न खेलों में विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास कराते हैं और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विद्यार्थियों के चयन पर विद्यालय के प्राचार्य पी. एस. मधुकर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गौकरण साहू, ग्राम बगदेही के जनप्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ व्याख्याता एस. के. साहू, के. साहू, दीनानाथ पाण्डेय, विजय सिंह, सी. एस. ध्रुव, एस. बैस, एस. भारती एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी दोनों विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि का श्रेय उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास तथा मार्गदर्शक शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन को दिया है।
