महानदी के तटीय इलाकों में बढ़ी सतर्कता, प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने के दिए निर्देश
धमतरी, 25 सितम्बर 2026। गंगरेल बांध के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 14 गेट खोल दिए गए हैं। करीब 3 लाख क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। जलप्रवाह बढ़ने के बाद महानदी के तटीय एवं निचले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
महानदी में पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर बढ़ने तथा निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की संभावना को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। नागरिकों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने तथा अनावश्यक रूप से नदी पार करने का प्रयास नहीं करने कहा गया है। बच्चों को भी नदी-नालों से दूर रखने की सलाह दी गई है। निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से कहा गया है कि परिस्थितियां बिगड़ने पर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहें। महानदी सहित जलाशयों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलेवासियों से अपील की गई है कि जलाशयों में पानी की अच्छी आवक को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें। नदी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों तथा जलभराव वाले स्थानों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
अफवाहों से बचें, अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करें
लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाने की तैयारी रखें।
सावधानी जरूरी: नदी किनारे जाने से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें, बच्चों को नदी-नालों के पास न जाने दें और स्थिति गंभीर होने पर तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान की ओर चले जाएं।
सावधान रहें, सुरक्षित रहें।
