कवर्धा निवासी युवती 24 सितंबर से ठहरी थी लॉज में, FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य; मौत की वजह स्पष्ट नहीं
धमतरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट एवं लॉज में रविवार को 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लॉज के कमरे से युवती का शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22 वर्ष), निवासी कवर्धा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती 24 सितंबर से धमतरी के CG05 रेस्टोरेंट एवं लॉज में ठहरी हुई थी। रविवार को कमरे से उसका शव बरामद होने के बाद लॉज प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस के साथ FSL की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने लॉज के कमरे के साथ-साथ रेस्टोरेंट और परिसर के अन्य हिस्सों की भी जांच की, ताकि घटना से जुड़े संभावित सुराग मिल सकें।
संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। युवती लॉज में कब पहुंची, उसके साथ कौन-कौन आया था और ठहरने के दौरान उसकी गतिविधियां कैसी थीं, इन सभी बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवती के धमतरी में रहने वाले किसी युवक से मिलने आने की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा दी है।
