ad inner footer

नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, एंबुलेंस-ट्रैक्टर की भिड़ंत में नर्स की मौत

डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी एंबुलेंस, तीन लोग घायल; अर्जुनी पुलिस ने शुरू की जांच

धमतरी/अर्जुनी, 01 अक्टूबर 2026। गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक नर्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर के पास हुआ। रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार 35 वर्षीय नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के बाद शव लेकर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री विभिन्न बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें इलाज के लिए डिमरापाल स्थित निजी अस्पताल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया था। बुधवार रात करीब 9 बजे मां दंतेश्वरी एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NE 3598 से चालक अतुल बघेल उन्हें लेकर रायपुर रवाना हुआ। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एंबुलेंस रायपुर स्थित एसएमसी अस्पताल पहुंची। जांच के बाद डॉक्टरों ने राजेंद्र खत्री को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर उसी एंबुलेंस से जगदलपुर लौट रहे थे।

संबलपुर के पास बिगड़ा एंबुलेंस का संतुलन

गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे एंबुलेंस रायपुर से जगदलपुर के लिए रवाना हुई। वाहन में मृतक के पुत्र देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री, बेटी मीनाक्षी और महारानी अस्पताल की नर्स शबनम खान समेत अन्य लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6:30 बजे संबलपुर के पास अचानक एंबुलेंस चालक अतुल बघेल का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में नर्स शबनम खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवेंद्र खत्री, उषा खत्री और मीनाक्षी घायल हो गए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस में फंसे नर्स के शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और एंबुलेंस चालक का वाहन से नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।

और नया पुराने

Recent in Technology