ad inner footer

सेवा संकल्प अभियान के तहत मौरीकला में आंगन मिलन कार्यक्रम

आंगनबाड़ी की योजनाओं और मातृ वंदना योजना की दी गई जानकारी, कार्यकर्ताओं व गर्भवती महिलाओं का हुआ सम्मान

कुरूद/मौरीकला, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मौरीकला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं सहित गांव की अन्य माताओं ने समय निकालकर सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की क्रमबद्ध और विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं को अवगत कराया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित प्रथम एवं द्वितीय बच्चे के जन्म पर मिलने वाले लाभ एवं पात्रता के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। महिलाओं को बताया गया कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने परिवार के स्वास्थ्य, पोषण एवं आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। सरपंच श्रीमती वीणा रोहित साहू, पूर्व सरपंच श्रीमती निर्मला साहू, उपसरपंच श्री तुलेंद्र साहू, पंच यादराम साहू एवं चंद्रकला साहू ग्रामीणजन सहित आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अरुणा मिश्रा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पार्वती साहू एवं सेवती साहू, सहायिका नंदनी साहू, मितानिन अनुसूईया साहू, गायत्री नागरची, रोजगार सहायक चन्द्रकिरण साहू, तिजेश्वरी यादव एवं सोहद्रा निषाद उपस्थित रहे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिका तथा गर्भवती महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण में उनके योगदान को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं सहित ग्रामीण माताओं को स्वास्थ्य, पोषण, मातृत्व एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर जागरूक करना रहा। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता और ग्रामीणों के सहयोग से आंगन मिलन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

और नया पुराने

Recent in Technology