ad inner footer

राइस मिल में खूनी खेल - महिला मजदूर असुरक्षित, काली हकीकत पर सिस्टम मौन!

कुरूद में राइस मिल के अंदर महिला मजदूरों की सुरक्षा भगवान भरोसे: रेजा युवती पर चाकू से जानलेवा हमला, पूरे सिस्टम पर सवाल

कुरूद/धमतरी 02 अक्टूबर 2026। कुरूद के भोथली रोड स्थित बालाजी राइस मिल में शुक्रवार सुबह महिला मजदूर पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। मिल परिसर में हुई इस वारदात के बाद महिला मजदूरों की सुरक्षा और मिल परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार कोण्डागांव निवासी रेजा मजदूर अनीता मंडावी शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे मिल परिसर स्थित अपने कमरे में आराम कर रही थी। इसी दौरान भाठागांव निवासी पूर्व कर्मचारी दुलेश्वर टंडन कथित रूप से धारदार चाकू लेकर उसके कमरे में पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। घटना के दौरान महिला की सहेली की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हमले में घायल अनीता को उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुरूद लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धमतरी रेफर किया गया।

कमरे तक हथियार लेकर पहुंचा आरोपी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल मिल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो गया है। यदि आरोपी बाहरी व्यक्ति था, तो वह कथित तौर पर धारदार हथियार लेकर मिल परिसर के अंदर महिला मजदूरों के रहने वाले स्थान तक कैसे पहुंचा? क्या मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था थी? आने-जाने वालों की निगरानी और रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था कितनी प्रभावी है? इन सवालों ने राइस मिलों में काम करने वाली महिला मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी बहस छेड़ दी है।

महिला मजदूरों के आवास और सुविधाओं की भी हो जांच

राइस मिलों में बड़ी संख्या में महिला रेजा मजदूर काम करती हैं। ऐसे में उनके रहने की व्यवस्था, शौचालय, सुरक्षा, परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही और श्रमिकों के सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जांच की मांग उठ रही है। हालांकि इन व्यवस्थाओं में नियमों का पालन हुआ है या नहीं, यह संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना ने श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर मिल प्रबंधन और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

आरोपी हिरासत में, हत्या के प्रयास में कार्रवाई

कुरूद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने चाकू कांड के आरोपी को हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार घटना के बाद कुरूद क्षेत्र की राइस मिलों में कार्यरत महिला कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा एवं रहन-सहन की स्थिति को लेकर विशेष जांच की जाएगी।

अब जांच से सामने आएगी मिलों की सुरक्षा व्यवस्था की तस्वीर

एक महिला मजदूर पर मिल परिसर के भीतर हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और राइस मिलों में महिला मजदूरों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं। घटना सिर्फ एक महिला मजदूर पर हुए हमले तक सीमित न रहकर औद्योगिक एवं श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था की जांच का विषय बन गई है।

और नया पुराने

Recent in Technology