ad inner footer

10वीं में ‘मिशन 90 पार’, 12वीं में ‘मिशन 95 पार’ का लक्ष्य

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने प्राचार्यों की समीक्षा बैठक, कमजोर विद्यार्थियों के लिए लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएं

धमतरी, 9 अक्टूबर 2026। जिले में बोर्ड परीक्षा के परिणाम बेहतर बनाने के लिए कक्षा 10वीं में ‘मिशन 90 पार’ और कक्षा 12वीं में ‘मिशन 95 पार’ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने और परीक्षा परिणामों में सुधार के उद्देश्य से 6 अक्टूबर को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, शंकरदाह में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा की अध्यक्षता में शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले वर्ष के बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए बेहतर नतीजों के लिए विशेष कार्ययोजना के साथ तैयारी करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान करने और उनकी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने पर जोर दिया गया। साथ ही राज्य के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार 15 नवंबर तक पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए गए।

52 स्कूलों के कमजोर परिणामों पर चर्चा

जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बोर्ड परीक्षा 2026 में 60 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले 29 शासकीय और 23 अशासकीय स्कूलों के प्राचार्यों से चर्चा की। इस दौरान परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी कराने के लिए जिला पीएलसी समिति द्वारा तैयार प्रश्न बैंक और मॉडल उत्तरों का नियमित लिखित अभ्यास कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा शिक्षा विभाग के यूट्यूब चैनल और पीएम ई-विद्या के माध्यम से विद्यार्थियों को अतिरिक्त पढ़ाई में सहयोग देने की बात कही गई।

हर 15 दिन में होगी पढ़ाई की समीक्षा

परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए स्कूलों में नियमित समीक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया। प्राचार्यों को प्रत्येक 15 दिन में विषयवार शिक्षकों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों की पढ़ाई की समीक्षा करने तथा हर महीने विकासखंड स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लगातार कमजोर परिणाम देने वाले अशासकीय स्कूलों की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश भी दिए गए।

पढ़ाई के साथ कंप्यूटर और एआई की कक्षाओं पर जोर

स्कूलों में शनिवार को बैगलेस गतिविधियों के तहत कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए। विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और खेल संसाधनों का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही स्कूलों में दो कालखंड अध्यापन, यू-डाइस पोर्टल की प्रविष्टियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने तथा जन प्रयास पोर्टल पर एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा गया।

नियमित निगरानी से सुधरेंगे नतीजे

जयंत नाहटा ने कहा कि बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए नियमित निगरानी की जाएगी। बैठक में सहायक संचालक आर.एन. मिश्र, यदुनंदन वर्मा, कीर्ति कुमार साहू, जिला मिशन समन्वयक अनुराग त्रिवेदी, सहायक जिला परियोजना अधिकारी खेमेन्द्र कुमार साहू, सहायक कार्यक्रम समन्वयक अजय पाण्डेय सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी और सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

और नया पुराने

Recent in Technology