ad inner footer

ACB की बड़ी कार्रवाई: SDM कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सरकारी कलम का पैसा जेब में! जमीन डायवर्सन के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

कुरूद SDM कार्यालय में ACB का ताबड़तोड़ ट्रैप, सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को दबोचा; कार्रवाई से सरकारी दफ्तर में मचा हड़कंप

धमतरी/कुरूद। सरकारी दफ्तर में सरकारी काम और कथित रिश्वत का खेल! धमतरी जिले के कुरूद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय कुरूद में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई की खबर फैलते ही SDM कार्यालय में हड़कंप मच गया। उसे 15 दिन की न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, कन्हारपुरी की जमीन के डायवर्सन से जुड़े काम को लेकर शिकायतकर्ता प्रकाश चन्द्राकर से कथित तौर पर 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB को मिली थी। शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना तैयार की।

10 हजार लेकर पहुंचा शिकायतकर्ता, पहले से घात लगाए बैठी थी ACB

योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता 10 हजार रुपए लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही कथित तौर पर कर्मचारी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, आसपास पहले से तैनात ACB की टीम ने तत्काल दबिश देकर पुनेश्वर सूर्यवंशी को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ACB की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। देर शाम तक दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य कार्रवाई जारी रहने की जानकारी सामने आई।

सरकारी कलम का पैसा जेब में? कार्रवाई ने खड़े किए बड़े सवाल

सरकारी कार्यालय में जमीन से जुड़े काम के लिए कथित रिश्वत की मांग और फिर ACB के ट्रैप में कर्मचारी के पकड़े जाने की घटना ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर आम आदमी अपने वैध काम के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटता है, वहीं दूसरी ओर यदि सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग के आरोप सामने आते हैं तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

क्या सामने आएगा सिस्टम का पूरा कनेक्शन?

ACB की कार्रवाई के बाद अब निगाहें जांच पर टिक गई हैं। आखिर 10 हजार रुपए की कथित रिश्वत का मामला केवल एक कर्मचारी तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी काम कर रहा था? यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल ACB की कार्रवाई ने कुरूद के राजस्व अमले में हलचल पैदा कर दी है। मामले में आगे जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसकी तस्वीर भी स्पष्ट हो सकती है।

और नया पुराने

Recent in Technology