ad inner footer

तमनार में अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला, बड़ी करेली में रहेगा मुक्त

नीलेश महादेव क्षीरसागर की मौजूदगी में तय हुआ आरक्षण

लॉटरी से निकला फैसला, दोनों नवगठित नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों का आरक्षण तय

धमतरी, 8 अक्टूबर 2026। नवगठित नगर पंचायत तमनार (रायगढ़) और बड़ी करेली (धमतरी) के अध्यक्ष पदों का आरक्षण बुधवार को नवा रायपुर में लॉटरी के माध्यम से तय किया गया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक एवं शासन द्वारा नियुक्त विहित प्राधिकारी नीलेश महादेव क्षीरसागर की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया में तमनार नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला और बड़ी करेली का अध्यक्ष पद अनारक्षित (मुक्त) घोषित किया गया। आरक्षण की कार्यवाही नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के तहत संपन्न हुई। कार्यवाही शुरू होने से पहले उपस्थित नागरिकों को आरक्षण नियम, 1999 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के परिणाम में तमनार नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए अनारक्षित महिला वर्ग का आरक्षण तय हुआ। वहीं बड़ी करेली नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनारक्षित यानी मुक्त वर्ग के लिए रखा गया। आरक्षण तय होने के साथ ही दोनों नवगठित नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों और राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। विभाग के अनुसार अध्यक्ष पदों के आरक्षण की पूरी प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न की गई। इस दौरान तमनार एवं बड़ी करेली के नागरिकों के साथ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

और नया पुराने

Recent in Technology