ad inner footer

बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: स्कूल बसों की जांच में 14 वाहनों की खामियां उजागर, वसूला जुर्माना

विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, स्कूली वाहनों पर आगे भी जारी रहेगा विशेष जांच अभियान

धमतरी, 16 जून 2026। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने स्कूली वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान 34 स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 14 वाहनों में विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गईं। संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।


कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिला परिवहन विभाग, परिवहन उड़नदस्ता तथा यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने नगरी रोड स्थित भोयना के नवीन परिवहन कार्यालय परिसर में विशेष जांच अभियान संचालित किया। अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही।

जांच के दौरान स्कूलों एवं लीज अनुबंध के माध्यम से संचालित स्कूल बसों के फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में रिफ्लेक्टर का अभाव, नंबर प्लेट का अस्पष्ट होना, पार्किंग लाइट, इंडिकेटर, वाइपर तथा अन्य लाइटों के खराब होने जैसी कमियां सामने आईं।

इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा स्कूली वाहनों की नियमित निगरानी और जांच आगे भी जारी रहेगी।


अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा बस चालकों एवं परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने, शराब सेवन के बाद वाहन संचालन से बचने तथा बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अभिभावक निश्चिंत होकर अपने बच्चों को विद्यालय भेज सकें।

Previous Post Next Post

Recent in Technology