ad inner footer

मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना: 5 जुलाई को होगी चयन परीक्षा, उत्कृष्ट विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश का अवसर

20 जून तक आवेदन जमा करने का अवसर, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 6 मेधावी विद्यार्थियों का होगा चयन

धमतरी, 08 जून 2026/ जिले के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थानों में निःशुल्क अध्ययन एवं प्रवेश का अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 05 जुलाई 2026, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी।


सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थी का वर्तमान में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत होना तथा कक्षा 4वीं की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना अनिवार्य है। चयन परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

जिला धमतरी के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग से 3 एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से 3 विद्यार्थियों सहित कुल 6 विद्यार्थियों का चयन कर राज्य के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में प्रवेश दिलाया जाएगा। योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र अर्थात ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। आवेदक के पालक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

इच्छुक विद्यार्थी अपने आवेदन पत्र के साथ कक्षा 4वीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आयकरदाता नहीं होने का प्रमाण पत्र तथा विद्यालय के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित होने का प्रमाण पत्र संलग्न कर 20 जून 2026 तक अपनी शाला में जमा कर सकते हैं।

योजना संबंधी विस्तृत जानकारी एवं आवेदन पत्र के लिए संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा कार्यालयीन दूरभाष क्रमांक 07722-232142 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। 

Previous Post Next Post

Recent in Technology