सम्मान समारोह में शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, पालकों व विद्यार्थियों ने किया अभिनंदन, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को बताया प्रेरणादायी
ताड़ोकी/अंतागढ़। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मंगतासाल्हेभाट, संकुल ताड़ोकी-02, विकासखंड अंतागढ़, जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पूर्व प्रधानपाठक श्री चमरू राम दर्रो के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामय सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनके 39 वर्षों के समर्पित शैक्षिक योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं विद्यार्थियों द्वारा दीप मंत्र के उच्चारण के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत मंगतासाल्हेभाट के सरपंच जागेश्वर कोमरा ने कहा कि श्री चमरू राम दर्रो ने न केवल विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, बल्कि सामाजिक एवं ग्रामीण विकास के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाई। उनका कार्यकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
संकुल समन्वयक प्रवीण देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि श्री दर्रो ने अपने 39 वर्षों के सेवाकाल में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय की निरंतर प्रगति के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका सरल, सौम्य एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व सदैव सभी के लिए प्रेरणा बना रहेगा और विद्यालय परिवार उन्हें हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, पालकों एवं विद्यार्थियों ने श्री दर्रो के दीर्घकालीन, अनुकरणीय एवं समर्पित शैक्षिक योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्हें शॉल, श्रीफल, छतरी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ अर्पित कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने भावुक उद्बोधन में श्री चमरू राम दर्रो ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा। उन्होंने अपने सेवाकाल में मिले सहयोग के लिए समस्त शिक्षकों, विद्यार्थियों, पालकों, ग्रामवासियों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने श्री दर्रो के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। समारोह में भावुक माहौल के बीच सभी ने उनके सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट से विदाई दी।
इस अवसर पर सरपंच जागेश्वर कोमरा, सेवानिवृत्त प्रधानपाठक परदेशी कुमेटी, एसएमसी अध्यक्ष राजलाल कुमेटी, शामशाय दर्रो, जे.एस. नेताम (सीएसी ताड़ोकी-02), प्रवीण देवांगन (सीएसी ताड़ोकी-01), शिवबती देहारी, बबीता टेकाम, धनेश्वरी नुरुटी, विद्यालय स्टाफ, पालकगण, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जितेंद्र साहू ने किया, जबकि प्रभारी प्रधानपाठक तिलक राम वट्टी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन स्नेहभोज एवं आत्मीय विदाई के साथ हुआ।

