ad inner footer

रक्षाबंधन पर राखी भेजने के लिए डाक विभाग की खास छूट, स्पीड पोस्ट पर 10% कम लगेगा शुल्क

12 से 28 अगस्त तक ‘Rakhi Mail’ पर मिलेगी 10 प्रतिशत की छूट, एक ग्राहक अधिकतम 5 आर्टिकल करा सकेगा बुक

धमतरी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने राखी भेजने वाले ग्राहकों के लिए विशेष छूट योजना शुरू की है। इसके तहत ‘इनलैंड स्पीड पोस्ट (डॉक्यूमेंट)’ सेवा के अंतर्गत बुक किए जाने वाले ‘Rakhi Mail’ पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह सुविधा 12 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

छूट का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को राखी वाले लिफाफे के आगे स्पष्ट रूप से ‘Rakhi Mail’ लिखना होगा और उसे डाकघर के बुकिंग काउंटर पर जमा करना होगा। यह सुविधा केवल खुदरा (रिटेल) बुकिंग पर लागू होगी। एक ग्राहक एक बार में अधिकतम 5 आर्टिकल बुक करा सकेगा। डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह छूट बल्क अथवा कॉर्पोरेट ग्राहकों के लिए उपलब्ध नहीं होगी। साथ ही, 10 प्रतिशत की छूट केवल डाक शुल्क पर लागू होगी, जबकि वैल्यू एडेड सर्विस (VAS) शुल्क पर किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।

डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के अवसर पर देशभर में बहनों द्वारा भाइयों को भेजी जाने वाली राखियों को तेज, सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती डाक सेवा के माध्यम से पहुंचाना है। इस विशेष सुविधा से राखी भेजने वाले ग्राहकों को डाक शुल्क में राहत मिलने के साथ समय पर राखी पहुंचाने की सुविधा भी मिल सकेगी।

और नया पुराने

Recent in Technology