न्यायाधीश श्री राधेश्याम ध्रुव ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रध्वज को दी सलामी
धमतरी, 15 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय कुरूद/व्यवहार न्यायालय कुरूद परिसर में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। देश की स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण होने तथा 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय कुरूद के न्यायाधीश श्री राधेश्याम ध्रुव ने प्रातः 8:20 बजे विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
समारोह का शुभारंभ भारत माता एवं राष्ट्र के महान महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान के दौरान न्यायालय परिसर में उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी निष्ठा प्रदर्शित की।
इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष का स्मरण कराने वाला राष्ट्रीय पर्व है। भारतीय लोकतंत्र की मजबूती एवं विधि के शासन की स्थापना में न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका है। न्यायिक संस्थाओं से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह संविधान एवं विधि के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे तथा आम नागरिकों को न्याय सुलभ कराने की दिशा में सदैव प्रतिबद्ध रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ श्रेणी व्यवहार न्यायाधीश श्री रजत कुमार निराला एवं कनिष्ठ श्रेणी व्यवहार न्यायाधीश श्री निलेश कुमार बघेल की उपस्थिति रही। साथ ही अधिवक्ता संघ के संरक्षक श्री एल.पी. गोस्वामी, अध्यक्ष श्री रमेश पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्री नरेश डिंगरे एवं सचिव श्री यशवंत साहू सहित वरिष्ठ अधिवक्ता श्री एस.पी. लाम्बा, श्री नरेन्द्र साहू, श्री एम.एस. भारद्वाज, श्री मोहेन्द्र चंद्राकर, श्री जयप्रकाश साहू, श्री तरुण कुमार यदु, श्री अरविन्द गुरु, श्री हेमंत निर्मलकर, श्री महेंद्र साहू, श्री योगेन्द्र साहू, श्री जालम सिंह, श्री कमलनारायण, श्री दीपक परमार, श्रीमती ईश्वरी तारक, श्रीमती ममता साहू सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
तहसील कार्यालय कुरूद में भी हुआ ध्वजारोहण
इसी क्रम में तहसील कार्यालय कुरूद में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद श्री नभसिंह कोसले ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान का गायन किया गया।
समारोह में तहसीलदार कुरूद श्री सूरज कुमार बंछोर सहित तहसील कार्यालय के न्यायालयीन एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कुरूद के न्यायालय एवं तहसील कार्यालय परिसर में आयोजित दोनों समारोह अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुए। समारोह के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए संविधान, विधि के शासन तथा राष्ट्र की सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।


