ad inner footer

मौरीकला शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को दी सलामी, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रतीक चिन्ह से किया सम्मानित

कुरूद, 16 अगस्त 2026 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला मौरीकला में 15 अगस्त 2026 को देश की स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण होने तथा 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान विद्यालय परिसर सहित पूरा मौरीकला गांव देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं देश के महान महापुरुषों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का गायन किया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला की प्रधान पाठक श्रीमती टीकम साहू, शिक्षिका श्रीमती नम्रता सोनकर, श्रीमती रंजीता जगने एवं शिक्षक श्री लोमश साहू तथा शासकीय माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक श्री रामसिंग साहू, शिक्षक श्री गोपाल राम देवांगन, श्री मिथलेश साहू एवं श्री रामनारायण साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ग्राम पंचायत मौरीकला की सरपंच श्रीमती वीणा रोहित साहू, पंचगण, पंचायत सचिव श्री तोरण वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा से गूंजा गांव

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। वीर शहीदों के सम्मान में देशभक्ति के नारे एवं जयघोष लगाए गए। छात्रों ने भारतमाता और छत्तीसगढ़ महतारी की वेशभूषा एवं महापुरुषों की फोटो लेकर बाजे-गाजे के साथ तिरंगा लेकर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने गांव की विभिन्न गलियों एवं प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान आंगनबाड़ी 01 व 02 एवं गुफा प्रांगण में तिरंगा फहराया गया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से गांव का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

तिरंगा यात्रा के बाद सभी विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। बच्चों ने देशभक्ति गीतों के साथ-साथ पारंपरिक एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक पर्व-त्योहारों को बारहमासी के माध्यम से प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं सांस्कृतिक समझ का परिचय दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला मौरीकला में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा पहली से आठवीं तक प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। 

कक्षा पहली में प्रथम सचिन कुमार साहू (90.26 प्रतिशत) एवं द्वितीय देवांश साहू (87.47 प्रतिशत) रहे। कक्षा दूसरी में प्रथम द्रोण कुमार यादव (91.31 प्रतिशत) एवं द्वितीय भावेश कुमार निषाद (88.40 प्रतिशत) रहे। कक्षा तीसरी में त्रिदेव कुमार यादव एवं दुष्यंत कुमार साहू ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान (90 प्रतिशत) प्राप्त किया, जबकि कु. मेघावी साहू (85.40 प्रतिशत) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा चौथी में कु. पूर्णिमा साहू (92 प्रतिशत) प्रथम तथा कु. निकिता निषाद (87.60 प्रतिशत) द्वितीय स्थान पर रहीं। कक्षा पांचवीं में कु. कुमकुम निषाद (93 प्रतिशत) प्रथम तथा ओमकृष साहू (90 प्रतिशत) द्वितीय रहे। कक्षा छठवीं में सोमनाथ साहू (90.20 प्रतिशत) प्रथम तथा कु. निधि साहू (88.20 प्रतिशत) द्वितीय रहीं। कक्षा सातवीं में जितेश साहू (88.66 प्रतिशत) प्रथम तथा कुलदीप साहू (88.33 प्रतिशत) द्वितीय रहे। कक्षा आठवीं में कु. याचना साहू (94.33 प्रतिशत) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थी ने 89.83 प्रतिशत अंक हासिल किए। विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को इसी प्रकार मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन कर विद्यालय एवं गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों एवं विद्यार्थियों के बीच मिठाई का वितरण किया गया और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार, ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की सहभागिता से आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, राष्ट्रप्रेम एवं सांस्कृतिक रंगों के साथ यादगार बन गया।

Head & Tail News से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें — 👇 https://chat.whatsapp.com/DPEyFUDVTgV6QbjuwJvqqJ

और नया पुराने

Recent in Technology